ड्यूटी पर तैनात सफाईकर्मी से मारपीट का आरोप, कर्मचारियों में रोष

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


परतावल ब्लॉक मुख्यालय पर जुटे सैकड़ों कर्मचारी, दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


परतावल/महराजगंज। विकासखंड परतावल क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरहरा बड़ईपार में ड्यूटी के दौरान एक सफाई कर्मचारी के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर कर्मचारी संगठनों में आक्रोश व्याप्त है। घटना के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में कर्मचारी विकासखंड मुख्यालय परतावल पहुंचे और दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।


प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत बरहरा बड़ईपार में तैनात सफाई कर्मचारी भाई इस्तक अली अपने नियमित सरकारी कार्य में लगे हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति ने उनके साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। घटना की जानकारी मिलते ही विभिन्न ब्लॉकों के सफाई कर्मचारियों और कर्मचारी संगठनों में नाराजगी फैल गई।


मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष प्रद्युम्न सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारी परतावल ब्लॉक मुख्यालय पहुंचे। यहां आयोजित बैठक में कर्मचारियों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकारी कार्य के दौरान कर्मचारियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाती हैं, बल्कि कर्मचारियों की सुरक्षा और मनोबल को भी प्रभावित करती हैं।


कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सफाई कर्मचारी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार कार्य करते हैं। ऐसे में ड्यूटी के दौरान उनके साथ मारपीट की घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


संगठन की ओर से चेतावनी भी दी गई कि यदि दोषी के विरुद्ध समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कर्मचारी संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देने के लिए बाध्य होंगे।


बैठक एवं विरोध प्रदर्शन में पनियरा ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश पासवान, परतावल ब्लॉक अध्यक्ष अभिमन्यु प्रसाद, महामंत्री रामचंद्र प्रसाद, संगठन मंत्री प्रेम गुप्ता, बालकरण भारती, जयकरण, जितेंद्र, सोहन, रामेश्वर भारती, रमेश तृतीय, रमेश प्रथम, सुभाष, नर्वदेश्वर प्रसाद, हीरा सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पीड़ित कर्मचारी को न्याय दिलाने और दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *