मिठौरा ब्लॉक के कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन, 15 जून को लखनऊ में प्रदर्शन की चेतावनी
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। मानदेय वृद्धि, स्थायी सेवा नियमावली के निर्माण तथा कार्य निष्पादन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर पंचायत सहायकों ने आंदोलन का रास्ता अपना लिया है। विकास खंड मिठौरा के पंचायत सहायकों ने सोमवार को खंड विकास अधिकारी राहुल सागर को ज्ञापन सौंपते हुए एक जून से मोबाइल आधारित सरकारी कार्यों और ऑनलाइन उपस्थिति का बहिष्कार करने की घोषणा की।
पंचायत सहायकों का कहना है कि ग्राम पंचायतों में डिजिटल सेवाओं के संचालन, विभिन्न सरकारी योजनाओं के डेटा अपलोड करने, अभिलेखों के रखरखाव तथा ऑनलाइन पोर्टलों पर सूचनाएं दर्ज करने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारी उनके कंधों पर है। इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय दिया जा रहा है और कार्य के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अधिकांश पंचायत सहायकों को अपने निजी मोबाइल फोन और इंटरनेट कनेक्शन का उपयोग कर सरकारी कार्य संपादित करने पड़ रहे हैं। लंबे समय से मानदेय वृद्धि और सेवा संबंधी मांगें शासन स्तर पर लंबित हैं, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
पंचायत सहायकों ने मांग की है कि उनका मानदेय सम्मानजनक स्तर तक बढ़ाया जाए, सेवा नियमावली लागू की जाए तथा मोबाइल फोन सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जाए। उनका कहना है कि जब तक इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी दो सप्ताह के भीतर शासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो प्रदेश भर के पंचायत सहायक 15 जून को लखनऊ के इको गार्डन में विशाल धरना-प्रदर्शन करेंगे। पंचायत सहायकों का कहना है कि आंदोलन की सूचना पहले ही शासन और प्रशासन को दे दी गई है।
ज्ञापन पर अभिषेक शर्मा, ज्योति पाण्डेय, श्रेया, निशा पटेल, सोनू, सत्यम, कांतिश गुप्ता, अंजली सिंह, पूजा कसौधन, अमित कसौधन, रूचि, पूजा यादव, बलराम साहू समेत कई पंचायत सहायकों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।

