डीएम-सीडीओ समेत 97 अधिकारियों की हुई स्वास्थ्य जांच, 25 में मिले बीपी और शुगर के संकेत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज

महराजगंज। गैर संचारी रोगों (एनसीडी) की समय पर पहचान और रोकथाम के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन परिसर में विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान आयोजित किया गया। अभियान के तहत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह सहित 97 अधिकारियों एवं कर्मचारियों की स्क्रीनिंग की गई। जांच के दौरान 25 लोगों में उच्च रक्तचाप और मधुमेह के शुरुआती संकेत मिले।


स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तचाप एवं रक्त शर्करा की जांच की गई। जांच में 14 अधिकारियों और कर्मचारियों का रक्तचाप सामान्य से अधिक पाया गया, जबकि 11 लोगों में शुगर के लक्षण मिले। प्रभावित व्यक्तियों को चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।


जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह समेत अधिकांश गैर संचारी रोग प्रारंभिक अवस्था में बिना किसी स्पष्ट लक्षण के विकसित होते हैं। ऐसे में 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय रहते बीमारी की पहचान होने पर उसका प्रभावी उपचार संभव है और गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।


उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से संतुलित आहार, नियमित व्यायाम तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। डीएम ने कहा कि जागरूकता और समय पर जांच ही इन बीमारियों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।


एनपी-एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. वीर विक्रम सिंह ने बताया कि जिले में 16 जून तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विभिन्न ब्लॉक मुख्यालयों पर भी स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों से जांच अभियान में भाग लेने की अपील की।


सदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. के.पी. सिंह ने बताया कि जांच के दौरान चिन्हित लोगों को आवश्यक चिकित्सकीय सलाह और दवाएं प्रदान की गईं। अभियान में स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी भागवत सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *