महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्याओं को उठाया; सरकार की नीतियों पर साधा निशाना
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
महराजगंज। विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव और महिला सभा की जिलाध्यक्ष सत्यभामा सिंह के नेतृत्व में राज्यपाल को संबोधित आठ सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की।
धरने के दौरान वक्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने कहा कि डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता और किसानों की आर्थिक परेशानियां बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर जरूरत के अनुरूप ईंधन उपलब्ध नहीं हो रहा है, जबकि कालाबाजारी के कारण लोगों को अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में प्रशासनिक स्तर पर जारी कुछ आदेशों से आम नागरिकों को असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अपराध की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।
सपा नेताओं ने बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं को भी गंभीर मुद्दा बताया। उनका कहना था कि युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं तथा भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित किए जाने की आवश्यकता है। साथ ही पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के आरक्षण अधिकारों की सुरक्षा की मांग भी उठाई गई।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम में जिला महासचिव अजय गुप्ता उर्फ लल्ला भैया, समसुद्दीन अली, पूर्व मंत्री सुशील कुमार टीबडेवाल, हरेंद्र कृष्ण त्रिपाठी, कृष्णभान सिंह सैंथवार, अमरनाथ यादव, प्रणय गौतम, निरमेश मंगल, पूर्व विधायक श्रीपति आजाद, बिंद्रेश कनौजिया, मक्खू प्रसाद, यज्ञदत्त पासवान, नौशाद और अखिलेश मौर्या समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




