पंचायत सचिवालय चोरी का खुलासा, दो शातिर चोर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



छह लाख रुपये का चोरी का सामान, अवैध पिस्टल व चाकू बरामद

महराजगंज, 1 जून। श्यामदेउरवा थाना पुलिस ने पंचायत सचिवालय में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी गया सामान, एक अवैध 32 बोर पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की।


पुलिस के अनुसार 18 मई की रात ग्राम पंचायत बसहिया खुर्द स्थित पंचायत सचिवालय का ताला तोड़कर चोरों ने कंप्यूटर, सीपीयू, मॉनिटर, प्रिंटर, की-बोर्ड, माउस और सीसीटीवी डीवीआर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में थाना श्यामदेउरवा में मुकदमा दर्ज किया गया था।


जांच के दौरान पुलिस ने बसहिया बुजुर्ग निवासी अफरोज (25 वर्ष) तथा तरकुलवा भटगांवा निवासी अब्दुल अजीज (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अफरोज के पास से एक अवैध पिस्टल व एक जिंदा कारतूस तथा अब्दुल अजीज के पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। दोनों की निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान भी बरामद कर लिया गया।


भारी मात्रा में सामान बरामद


पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से पांच मॉनिटर, दो सीपीयू, एक प्रिंटर, दो की-बोर्ड, दो माउस, एक लैपटॉप चार्जर, तीन टुल्लू पंप, एक डीवीआर, एक डी-लिंक डिवाइस, चार सोलर पैनल, एक अवैध पिस्टल, एक कारतूस, एक अवैध चाकू, दो मोबाइल फोन, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।


रेकी कर सरकारी भवनों को बनाते थे निशाना


पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपित पहले सरकारी भवनों, कार्यालयों और अन्य संस्थानों की गुप्त रूप से रेकी करते थे। सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और मूल्यवान सामान की जानकारी जुटाने के बाद रात में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। इनके निशाने पर कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैटरी, इन्वर्टर और अन्य कीमती सामान रहते थे।


लंबा आपराधिक इतिहास


पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दोनों आरोपितों के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर मामले में बीएनएस की अतिरिक्त धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई बढ़ाई गई है।


पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *