महदेइया चौराहे पर अवैध पेट्रोल-डीजल बिक्री का भंडाफोड़, FIR की संस्तुति

उत्तर प्रदेश महाराजगंज



महराजगंज जनपद के नौतनवा तहसील क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल की अवैध जमाखोरी और ऊंचे दामों पर बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। महदेइया चौराहे स्थित सूरज किराना स्टोर पर छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में पेट्रोल और डीजल बरामद किया गया। मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की गई है।


जानकारी के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी नौतनवा की अध्यक्षता में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी नौतनवा एवं पूर्ति निरीक्षक लक्ष्मीपुर की संयुक्त टीम ने 27 मई 2026 की शाम करीब 5:30 बजे महदेइया चौराहे पर स्थित सूरज किराना स्टोर पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान दुकान पर विभिन्न गैलेनों और बोतलों में पेट्रोल एवं डीजल रखा मिला।


जांच में 20-20 लीटर के दो गैलेन, 30 लीटर का एक गैलेन, 5 लीटर के तीन गैलेन तथा 500 एमएल की दो बोतलों में पेट्रोल-डीजल पाया गया। माप कराने पर मौके से कुल 20 लीटर डीजल और 14 लीटर पेट्रोल बरामद हुआ।
मौके पर मौजूद दुकान मालिक हरिलाल पुत्र स्वामीनाथ निवासी ग्राम पंचायत महदेइया, थाना परसा मलिक ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने किराना स्टोर पर डीजल-पेट्रोल रखकर प्रति लीटर 20 रुपये अधिक कीमत पर बेचता है।


प्रशासन ने बरामद पेट्रोल-डीजल को जब्त करते हुए अग्रिम आदेश तक मेसर्स तारा जगनरायण फ्यूल्स, सेखुवानी की अभिरक्षा में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।


अधिकारियों के अनुसार आरोपी का कृत्य उत्तर प्रदेश हाई स्पीड डीजल ऑयल और लाईट डीजल ऑयल (सम्भरण बनाये रखने और वितरण) आदेश 1981 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 का उल्लंघन है। मामले में हरिलाल के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के लिए जिलाधिकारी से अनुमोदन मांगा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *