मोबाइल हुआ कंपन, जानिए क्या मामला
महाराजगंज।शुक्रवार को दोपहर लगभग 03:29 बजे जिले के हजारों मोबाइल उपभोक्ताओं के मोबाइल अचानक कंपन करने लगे। मोबाइल स्क्रीन पर एक विशेष चेतावनी संदेश दिखाई दिया, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए हलचल मच गई। बाद में पता चला कि यह मौसम विभाग द्वारा जारी किया गया आपातकालीन मौसम अलर्ट था।
मोबाइल पर प्राप्त संदेश में बताया गया कि अगले 24 घंटों के दौरान जिले के अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, भारी बारिश, तेज हवाएं तथा ओलावृष्टि होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार हवा की गति 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा तथा कुछ स्थानों पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग की इस चेतावनी से स्पष्ट है कि जिले में मौसम अचानक करवट ले सकता है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
अलर्ट में लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। वहीं किसानों से फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।
विशेषज्ञों के अनुसार इस तरह के मोबाइल अलर्ट लोगों को समय रहते सतर्क करने के उद्देश्य से भेजे जाते हैं, ताकि प्राकृतिक आपदा या खराब मौसम के दौरान जनहानि और नुकसान को कम किया जा सके।

