गंगा दशहरा पर पिपरपाती में उमड़ा आस्था का सैलाब, विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने पाया प्रसाद

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


महराजगंज। श्यामदेउरवा क्षेत्र के पिपरपाती ग्राम पंचायत में गंगा दशहरा और ज्येष्ठ माह के चौथे मंगलवार के शुभ अवसर पर मंगलवार को भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।


कार्यक्रम का शुभारंभ श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ। पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण गूंजता रहा। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण शुरू किया गया, जो देर शाम तक चलता रहा।
भंडारे में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और उत्साह का माहौल बना रहा।


आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और धार्मिक एकता को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम सभा के सभी ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *