गैंगस्टर एक्ट के तहत दो शातिर ठगों पर कार्रवाई, ATM बदलकर करते थे ठगी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना श्यामदेउरवा पुलिस ने दो शातिर ठगों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में ATM कार्ड बदलकर लोगों के खातों से रुपये निकालने वाले गिरोह पर शिकंजा कसा गया है।


पुलिस के अनुसार थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र में सक्रिय गिरोह के सरगना प्रदीप कुमार पासवान तथा उसके सहयोगी संदीप पासवान के खिलाफ उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी से अनुमोदन प्राप्त होने के बाद यह कार्रवाई अमल में लाई गई।


अभियुक्त प्रदीप कुमार पासवान पुत्र मंगरु पासवान एवं संदीप पासवान पुत्र रामनरेश पासवान निवासी ग्राम मोहरीपुर थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर बताए गए हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी भोले-भाले और जरूरतमंद लोगों को सहायता का झांसा देकर उनका ATM कार्ड बदल लेते थे और बाद में खातों से अवैध तरीके से धनराशि निकाल लेते थे। इनके द्वारा कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था।


थाना श्यामदेउरवा में दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 7 मई 2026 को दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जिला कारागार महराजगंज भेज दिया गया। वर्तमान में दोनों आरोपी जेल में निरुद्ध हैं।


महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध, ठगी और समाज विरोधी गतिविधियों में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *