भिटौली / महराजगंज । भिटौली थाना क्षेत्र के सेमरा राजा ग्राम पंचायत अंतर्गत करमहिया टोला में रविवार सुबह एक 15 वर्षीय किशोरी का शव उसके घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार करमहिया टोला निवासी चंद्रशेखर चौधरी की पुत्री आंचल चौधरी (15) कक्षा नौ की छात्रा थी। रविवार सुबह उसके माता-पिता धान की रोपाई के लिए खेत पर गए हुए थे, जबकि आंचल घर पर अकेली थी। बताया जाता है कि वह घर में खाना बना रही थी। इसी दौरान सुबह करीब सात बजे पड़ोस की एक बच्ची सामान लेने के लिए उसके घर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद होने और काफी आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वह छत के रास्ते घर के अंदर गई। वहां उसने आंचल को चारपाई पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी गई।
परिजनों के खेत से लौटने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया। परिजनों का कहना है कि किशोरी के गले पर तार या किसी वस्तु से कसाव जैसा निशान दिखाई दे रहा था, जिससे हत्या की आशंका व्यक्त की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष भिटौली सत्येंद्र कुमार राय, एसएसआई प्रवीण सिंह तथा चौकी प्रभारी यदुवीर यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मृतका के परिजनों ने पड़ोस के एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि युवक ने किशोरी का एक वीडियो बना रखा था और लंबे समय से उस पर बातचीत करने का दबाव बना रहा था। परिजनों का आरोप है कि युवक वीडियो वायरल करने की धमकी देता था, जिसके कारण किशोरी मानसिक तनाव में रहती थी।
घटना के बाद गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

