पत्रकारों की समस्याओं के समाधान हेतु स्थायी समिति गठन की मांग

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

महराजगंज। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन जनपद महाराजगंज उत्तर प्रदेश की ओर से जिलाधिकारी महराजगंज को ज्ञापन सौंपकर जनपद में जिला स्तरीय स्थायी समिति के गठन एवं उसकी नियमित मासिक बैठक आयोजित कराए जाने की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश शासन के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी शासनादेश के अनुसार सभी जनपदों में पत्रकारों एवं जिला प्रशासन के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित करने तथा प्रेस की स्वतंत्रता बनाए रखने के उद्देश्य से जिला स्तरीय स्थायी समिति गठित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि जनपद महराजगंज में भी शासनादेश के अनुरूप स्थायी समिति का गठन कर उसकी बैठक प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित किया जाना आवश्यक है। इससे पत्रकारों की समस्याओं के समाधान, सुझावों के आदान-प्रदान तथा प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने में सुविधा होगी।


ज्ञापन के माध्यम से जिलाधिकारी से यह भी मांग की गई कि समिति में पत्रकार बंधुओं को उचित प्रतिनिधित्व प्रदान किया जाए, जिससे पत्रकारों एवं प्रशासन के मध्य संवाद और समन्वय और अधिक मजबूत हो सके।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शेषमणि पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्र,  डा० सतीश कुमार पाण्डेय संरक्षक , अख्तर अली, विप्लव मद्धेशिया, शत्रुघ्न पाण्डेय , अभिनव पाण्डेय, सहित अन्य पत्रकार गण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *