हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज, 29 अप्रैल 2026। जनपद में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पुरन्दरपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दहेज हत्या के एक मामले में वांछित तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के पर्यवेक्षण में चल रहे विशेष अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 जून 2026 को मृतका की मां ने थाना पुरन्दरपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि मारपीट, गाली-गलौज के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस संबंध में मुकदमा संख्या 106/26, धारा 80(2), 85 बीएनएस व 3/4 डीपी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर करमहवा बुजुर्ग निवासी दयाशंकर यादव (49 वर्ष), विजय यादव (24 वर्ष) और राधिका (45 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय के नेतृत्व में थाना पुरन्दरपुर की पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई।

