PCS 2024 में वाणिज्यिक कर अधिकारी बने अरविंद गुप्त, गांव में हुआ भव्य स्वागत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों से किया अभिनंदन, परिजनों की आंखें हुईं नम

हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय

घुघली/ महराजगंज जनपद के घुघली विकासखंड अंतर्गत ग्राम सभा पोखरभिंडा निवासी अरविंद गुप्त के PCS 2024 में चयनित होकर वाणिज्यिक कर अधिकारी बनने पर सोमवार को गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। घर पहुंचते ही ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।

ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ओम प्रकाश जायसवाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अरविंद का भव्य अभिनंदन किया। घर पहुंचने पर माता ऊषा देवी, बुआ संगीता देवी और चाची पूनम देवी ने आरती उतारकर उनका स्वागत किया। इस दौरान भावुक माहौल में पिता शंभु शरण गुप्त की आंखें खुशी से नम हो उठीं।

अरविंद की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। विद्यालय के प्रधानाचार्य, डायरेक्टर सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों का कहना है कि अरविंद की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *