श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में कार्रवाई, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, जमानत पर रिहाई
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल/महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। संदिग्ध गतिविधि के आधार पर एक युवक को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज किया।
जानकारी के अनुसार रविवार रात चौकी प्रभारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम खालिद मिल्ली स्कूल से पिपरिया जाने वाले मार्ग पर नहर के समीप वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक युवक पुलिस को देखकर घबराया हुआ नजर आया और तेजी से आगे बढ़ने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।
तलाशी के दौरान युवक के पास से एक बड़ा चाकू बरामद हुआ। वैध कागजात न दिखा पाने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। मौके पर ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
बाद में परिजनों के आने पर जमानत की प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।

