महराजगंज में बड़ा हादसा,लगभग 4 यात्रियों की स्थिति चिंताजनक

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

रोडवेज की तीन बसों की भिड़ंत, 35 यात्री घायल – चीख़-पुकार से गूंजा हाईवे

हर्षोदय टाइम्स/विवेक कुमार पाण्डेय

(भिटौली) : महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 730  पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसे का गवाह बना, जब ओवरटेक की कोशिश में परिवहन निगम की तीन बसें अगया पुल के पास आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बसों में सवार यात्री चीख़ने-चिल्लाने लगे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब 35 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें कई गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती हैं।

जानकारी के अनुसार, राप्तीनगर डिपो की बस गोरखपुर से महराजगंज आ रही थी, जबकि महराजगंज डिपो की दो बसें गोरखपुर जा रही थीं। तभी ओवरटेक के दौरान एक बस सामने से आ रही राप्तीनगर की बस से भिड़ गई और देखते ही देखते तीनों बसें आपस में टकरा गईं।

हादसे में बस चालक अनिल कुमार और कृष्णा के पैर टूट गए, जबकि ठूठीबारी के वीरेंद्र चौहान, मधुवनी के अमरनाथ, बरगदवा की आरती, निचलौल के उतरी चंद, महराजगंज के रामप्रसाद, गोरख अग्रहरी, अंजू अग्रहरि, उमंग अग्रहरि समेत कई यात्री घायल हो गए।

ग्रामीणों और पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटवाया।

भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि हादसे में किसी की मौत नहीं हुई है। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य भेजा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *