सम्मान से बढ़ा हौसला, होनहारों के चेहरों पर दिखी खुशी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज


परतावल / महराजगंज। पंचायत इंटर कॉलेज, परतावल बाजार में बुधवार को सत्र 2025-26 के परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही अंकपत्र वितरण एवं मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को ट्रॉफी व मिठाई देकर सम्मानित किया गया, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल रहा।


कार्यक्रम में विद्यालय के संरक्षक धीरेंद्र कृष्ण त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का मार्ग कठिन परिश्रम और अटूट लगन से ही प्रशस्त होता है। उन्होंने छात्रों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और किसी भी परिस्थिति में विचलित न होने की सीख दी।


विद्यालय की प्रबंधक जयंती त्रिपाठी ने सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि असफलताएं ही सफलता की सीढ़ी बनती हैं। उन्होंने छात्रों को निरंतर आगे बढ़ने और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।


प्रधानाचार्य डॉ. दीनबंधु शुक्ला ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच, कड़ी मेहनत और धैर्य ही सफलता के मूल मंत्र हैं। उन्होंने विद्यालय में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और अनुशासन के महत्व पर भी प्रकाश डाला।


कार्यक्रम का संचालन मृत्युंजय उपाध्याय ‘नवल’ ने किया, जबकि विज्ञान संकाय के प्रभारी आनंद सोनी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।


इस मौके पर अजय सैनी, महेंद्र यादव, नबी आलम, सोनू बाबा, ज्योति श्रीवास्तव, अंशिका द्विवेदी, नेहा सिंह, धर्मेंद्र वर्मा, अजय पांडेय, रजत त्रिपाठी, काजल सिंह, प्रीति सिंह, विनय सिंह, सरिता उपाध्याय, धर्मेंद्र विश्वकर्मा समेत विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और अभिभावक उपस्थित रहे।


कार्यक्रम के अंत में मेधावी छात्रों के चेहरों पर सम्मान की खुशी साफ झलक रही थी, जिसने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *