हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो महराजगंज
परतावल (महराजगंज)। परतावल ब्लॉक के हरपुर तिवारी में स्थित एम.आई. पब्लिक स्कूल में आयोजित “एमआई टैलेंट हंट” स्कॉलरशिप परीक्षा का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। यह प्रतियोगी परीक्षा 22 फरवरी 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें क्षेत्र के कई छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था।
घोषित परिणाम के अनुसार जानवी गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं आंशिक यादव दूसरे स्थान पर और सज्जाद शेख तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा अन्य कई प्रतिभागियों ने भी परीक्षा में सराहनीय प्रदर्शन किया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष छात्रवृत्ति योजना लागू की गई है। परीक्षा में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पूरे वर्ष निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही 91 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी छात्रों को 75 प्रतिशत तक वार्षिक शुल्क में छूट देकर पूरे वर्ष अध्ययन का अवसर दिया जाएगा।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार यह स्कॉलरशिप परीक्षा हर वर्ष फरवरी माह में आयोजित की जाएगी, ताकि क्षेत्र के होनहार और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में आर्थिक सहयोग मिल सके।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इस प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाएं छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मानसिक रूप से तैयार करने में भी सहायक होती हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर अभिभावकों ने भी विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया।

