पनियरा/महराजगंज। परिषदीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय जड़ार, क्षेत्र पनियरा में कक्षा 6, 7 और 8 की छात्राओं ने गृह विज्ञान विषय के अंतर्गत अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय की अनुदेशक श्रीमती बबिता साहनी के मार्गदर्शन में छात्राओं ने लो कॉस्ट–नो कॉस्ट सामग्री का उपयोग कर क्राफ्ट कला के माध्यम से आकर्षक और सुंदर गुलदस्ते तैयार किए।
छात्राओं की कल्पनाशीलता, मेहनत और कला कौशल से बने इन हस्तनिर्मित गुलदस्तों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने अपने द्वारा बनाए गए गुलदस्ते शिक्षकों को भेंट कर सम्मान प्रकट किया।

इस गतिविधि के माध्यम से छात्राओं में रचनात्मकता, स्वावलंबन तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिला। विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार पटेल ने छात्राओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों में कला के प्रति रुचि बढ़ती है और वे कम लागत में उपयोगी व सुंदर वस्तुएँ बनाना सीखते हैं।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक राहुल कुमार पटेल, आशुतोष पटेल एवं संदीप कुमार शर्मा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


