पुरानी रंजिश में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


मंगलपुर में पुरानी रंजिश में हुई थी हिंसा, तीन आरोपी गिरफ्तार


परतावल(महराजगंज)।  श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के मंगलपुर चौराहे पर पुरानी रंजिश में हुई मारपीट का मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है। गंभीर रूप से घायल युवक मंदीप की सोमवार को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

मंदीप की फाइल फोटो

प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 फरवरी की रात लगभग 9:30 बजे मंदीप अपने मित्र मोहम्मद वारिश अंसारी के साथ मंगलपुर चौराहे पर मौजूद था। इसी दौरान कबाड़ी की दुकान के समीप दूसरे पक्ष के पवन गुप्ता, धनंजय सिंह और आशीष सिंह से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोप है कि जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए तीनों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।


हमले में मंदीप और वारिश गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सोमवार को मंदीप ने दम तोड़ दिया, जबकि वारिश का उपचार जारी है।
मृतक की मां इंद्रावती, निवासी ग्राम पंचायत सुमेरगढ़, की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। युवक की मौत के बाद धाराओं में बढ़ोतरी की तैयारी की जा रही है।


थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उनके कब्जे से चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक कार भी बरामद की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *