महराजगंज में बड़ी चूक: पॉक्सो आरोपी पुलिस हिरासत से फरार, सीमाओं पर अलर्ट

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो


महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पॉक्सो एक्ट के तहत नामजद एक आरोपी न्यायालय में पेशी के बाद पुलिस हिरासत से फरार हो गया। उसे कोर्ट से जेल ले जाया जाना था, लेकिन मौके का फायदा उठाकर वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला।


घटना इतनी तेजी से घटी कि साथ मौजूद पुलिसकर्मी संभल नहीं सके। आरोपी के फरार होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोमेंद्र मीना ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए कई टीमों का गठन कर दिया। स्थानीय पुलिस के साथ स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को भी तलाशी अभियान में लगाया गया है।

फरार आरोपी के पीछे लगी कई टीमें


सूत्रों के अनुसार आरोपी कुशीनगर जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंदुर गांव निवासी किशन साहनी  की धरपकड़ के लिए जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई है। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और नेपाल सीमा की ओर जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग की जा रही है ताकि आरोपी जल्द से जल्द पुलिस की गिरफ्त में आ सके।


पॉक्सो जैसे संवेदनशील कानून के मामले में आरोपी का पुलिस हिरासत से फरार होना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस विभाग ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की भूमिका की जांच भी शुरू कर दी है। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


फिलहाल, पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और आसपास के जिलों को भी अलर्ट किया गया है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *