हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में लेहड़ा माता मंदिर के पास सुनसान जंगल में पत्नी की गला रेतकर हत्या की कोशिश करने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के करीब एक वर्ष बाद गिरफ्तार कर लिया है। फरार चल रहा आरोपी मुंबई में छिपकर रह रहा था और पहचान छिपाने के लिए लगातार मोबाइल नंबर बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी 2025 को पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के तालही निवासी दिनेश प्रजापति अपनी पत्नी अनीता को लेहड़ा माता मंदिर दर्शन कराने के बहाने बृजमनगंज क्षेत्र में लाया था। आरोप है कि उसने सुनियोजित तरीके से पत्नी को जंगल के एकांत स्थान पर ले जाकर चाकू से गला काट दिया और उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी जान बच सकी। मामले में बृजमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। लगातार प्रयास और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने आरोपी को फरेंदा रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।


