रस्सी टूटने से वैवाहिक बग्घी गड्ढे में पलटी, बड़ा हादसा टला, कई को आईं हल्की चोटें

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

मिठौरा (महराजगंज)। चौक-निचलौल मार्ग पर पड़री कला के समीप मंगलवार को एक वैवाहिक बग्घी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई। हादसे में बग्घी पर सवार कई लोगों को हल्की चोटें आईं। गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बग्घी को एक पिकअप वाहन के सहारे रस्सी से बांधकर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक रस्सी टूट गई, जिससे बग्घी असंतुलित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। बग्घी निचलौल से महराजगंज की ओर एक शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी।


घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल सहायता के लिए दौड़े और बग्घी में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बीते दो महीनों में इसी स्थान पर यह छठी दुर्घटना है। उनका कहना है कि सड़क किनारे गहरा गड्ढा और सुरक्षा इंतजामों की कमी हादसों का मुख्य कारण बन रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र बैरियर लगाने और चेतावनी बोर्ड स्थापित करने की मांग की है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि यातायात विभाग को पत्र प्रेषित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *