हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल /महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बसहिया बुजुर्ग गांव में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से करीब डेढ़ लाख रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बसहिया गांव निवासी विद्यसागर प्रजापति ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि बलिया जनपद के गोनिया छपरा निवासी एक व्यक्ति ने स्वयं को इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, मथुरा में कार्यरत बताते हुए कंपनी में इंजीनियर पद पर नियुक्ति दिलाने का भरोसा दिया। आरोपी ने दावा किया कि उसका बड़ा भाई उक्त कंपनी में अधिकारी है और उसी के माध्यम से नौकरी लगवाई जाएगी।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने पहले फार्म भरने के नाम पर गूगल पे के जरिए एक हजार रुपये मंगाए। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में कुल 1,47,300 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। कुछ दिनों बाद आरोपी ने व्हाट्सएप पर कथित ज्वाइनिंग लेटर भेजकर चार-पांच दिन में नौकरी ज्वाइन कराने का आश्वासन दिया।
हालांकि तय समय बीत जाने के बाद न तो नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई। खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


