हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल/ महाराजगंज। बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसे लेकर श्यामदेउरवां पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को थाना परिसर में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह की अध्यक्षता में मैरिज हॉल संचालकों एवं डीजे ऑपरेटरों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें रात 10 बजे के बाद डीजे नहीं बजाने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

बैठक में थानाध्यक्ष ने कहा कि इस समय हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं संचालित हो रही हैं। ऐसे में तेज ध्वनि में डीजे बजने से छात्रों की तैयारी और परीक्षा प्रदर्शन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शांत वातावरण बनाए रखना प्रशासन और समाज, दोनों की साझा जिम्मेदारी है।
पुलिस ने सभी डीजे संचालकों को नियमों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी और इस संबंध में नोटिस भी जारी किए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि निर्देशों का उल्लंघन करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद संचालकों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।

