श्यामदेउरवा में इंटरमीडिएट छात्राओं को भावभीनी विदाई, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा फेयरवेल समारोह

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा में स्थित श्रीमती गिरिजा देवी कन्या इंटर कॉलेज में रविवार को इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने जा रही छात्राओं के सम्मान में भव्य फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। कक्षा 11वीं की छात्राओं द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय परिसर उमंग, उत्साह और भावनाओं से सराबोर नजर आया।


समारोह का शुभारंभ छात्राओं की सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात स्वागत गीत, समूह एवं एकल नृत्य, गीत-संगीत तथा लघु नाटिका जैसी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मंच पर देखने को मिलीं। छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया और सभागार देर तक तालियों की गूंज से भरता रहा।


कॉलेज के प्रबंधक मनोज पाण्डेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट किए तथा इंटरमीडिएट की छात्राओं को परीक्षा एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विदा ले रहीं छात्राओं ने विद्यालय में बिताए अपने सुनहरे पलों और अनुभवों को साझा करते हुए शिक्षिकाओं व सहपाठियों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वी०के० पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि आनंद शंकर वर्मा, ग्राम प्रधान जनार्दन यादव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रधानाचार्या सोनी पाण्डेय समेत विद्यालय परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में यह फेयरवेल समारोह यादगार बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *