हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली रेलवे स्टेशन का मंगलवार को पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों, यात्री सुविधाओं तथा आधारभूत संरचनाओं की प्रगति का जायजा लिया। महाप्रबंधक ने रेल सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पूरे सेक्शन का गहन निरीक्षण किया जा रहा है।
महाप्रबंधक ने बताया कि निरीक्षण के क्रम में रेल पटरी, समपार फाटक, सिग्नलिंग व्यवस्था तथा मार्ग में स्थित सभी उपकरणों और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की जा रही है। साथ ही, जो विकास कार्य प्रगति पर हैं, उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण के दौरान उद्योग व्यापार मंडल की ओर से महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में घुघली रेलवे स्टेशन को रैक पॉइंट बनाए जाने, सभी एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, ढाले पर जाम की समस्या के समाधान हेतु ओवरब्रिज निर्माण, स्टेशन से जुड़ी सड़कों के चौड़ीकरण व सुंदरीकरण, स्टेशन पर आरामगृह व महिला-पुरुष शौचालय की व्यवस्था तथा घुघली–आनंदनगर रेल लाइन परियोजना को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुरेश रुंगटा, जिला उपाध्यक्ष संजय जायसवाल, परमेश्वर गुप्त, उपेंद्र, अनिल, रामगोपाल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।


