हर्षोदय टाइम्स
महराजगंज। सदर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सभा अहमदपुर मौनहिया टोला एवं गोपी गांव के यादव टोला में संपर्क मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास मंगलवार को सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने किया। शिलान्यास के साथ ही वर्षों से सड़क की मांग कर रहे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सड़क किसी भी क्षेत्र की आधारशिला होती है, जिससे आवागमन सुगम होता है और शिक्षा, स्वास्थ्य व व्यापार को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा कर सरकार ने एक और विकास कार्य को धरातल पर उतारा है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख इंजीनियर विवेक गुप्ता, जनप्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाए, ताकि जनता को इसका शीघ्र लाभ मिल सके।


