हर्षोदय टाइम्स / बिमलेश कुमार पाण्डेय
महराजगंज। घुघली नगर पंचायत क्षेत्र में सड़कों पर बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। मुख्य बाजार, कस्बाई सड़कें और संपर्क मार्ग दिनभर वाहनों से भरे रहते हैं, जिससे राहगीरों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संकरी सड़कों पर अव्यवस्थित पार्किंग से आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में कोई निर्धारित पार्किंग स्थल न होने के कारण दुकानदार और वाहन चालक मजबूरी में सड़क किनारे ही वाहन खड़े कर देते हैं। यातायात पुलिस की नियमित तैनाती न होने से नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है, जिससे जाम की स्थिति आम हो गई है। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर पड़ रहा है, वहीं आपातकालीन वाहनों को भी निकलने में कठिनाई होती है।
नागरिकों ने नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र नो पार्किंग जोन चिन्हित किए जाएं, स्थायी पार्किंग स्थलों का विकास हो और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो जाम और हादसों की स्थिति और भयावह हो सकती है। प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।



