महराजगंज: घुघली ब्लॉक के बारीगांव में आग लगने से पांच बकरियां झुलसी

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / आत्मा सिंह


महराजगंज। घुघली ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम बारीगांव तिवारी टोला में शुक्रवार की सुबह आग लगने से पांच बकरियां बुरी तरह झुलस गईं। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।


मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी शिल्पा देवी ने अपने घर के कटरैन (रसोई) के बगल में बकरियों के रहने के लिए छप्परनुमा आश्रय बना रखा था। शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे कूड़ा जलाने के दौरान उठी आग की लपटों से अचानक छप्पर में आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे वहां बंधी पांच बकरियां उसकी चपेट में आ गईं और जिंदा जल गईं।


स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था। शिल्पा देवी ने बताया कि जली हुई पांच बकरियों में से तीन गर्भवती थीं। उन्होंने कहा कि बकरी पालन ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है और इस हादसे से परिवार पर गंभीर संकट आ गया है।


पीड़िता ने प्रशासन एवं स्थानीय अधिकारियों से आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है, ताकि हुए नुकसान की भरपाई हो सके।




Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *