हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
परतावल (महराजगंज)। परतावल विकासखंड के अस्पताल रोड पर स्थित इफको केंद्र (सीएचसी के पास) यूरिया खाद के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। हालत यह है कि आसपास के गांवों से आए किसान रात करीब चार बजे से ही लाइन में लगने को मजबूर हैं। ठंड और घंटों इंतजार के बावजूद किसानों को समय पर यूरिया नहीं मिल पा रहा, जिससे उनमें भारी नाराजगी देखी जा रही है।
किसानों का आरोप है कि यूरिया लेने के लिए केंद्र पर जबरन कृषि दवाएं खरीदने को मजबूर किया जा रहा है। उनका कहना है कि यदि दवा नहीं खरीदी जाती तो यूरिया देने से साफ इनकार कर दिया जाता है। किसानों ने इसे खुलेआम मनमानी और शोषण बताया है। सरकार द्वारा यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता और पारदर्शी वितरण के दावे भी यहां जमीनी हकीकत में फेल नजर आ रहे हैं।
यूरिया संकट से जूझ रहे किसानों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि खाद की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और जबरन दवा बिक्री पर सख्त रोक लगे। किसानों की परेशानी को देखते हुए यह मामला अब व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

