साफ-सफाई, अभिलेख अद्यतन और अग्नि सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
महराजगंज। जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीआरके कार्यालय, नजारत, संयुक्त कार्यालय, अभियोजन कार्यालय सहित विभिन्न शाखाओं में पहुंचकर कार्मिकों की उपस्थिति, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई एवं कार्यालयीन अनुशासन की स्थिति का गहन अवलोकन किया।
कलेक्ट्रेट परिसर व कुछ कार्यालयों में अपेक्षित साफ-सफाई न मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित कार्मिकों को फटकार लगाई। नाजिर को निर्देश दिए गए कि संपूर्ण परिसर की तत्काल समुचित साफ-सफाई कराई जाए तथा निष्प्रयोज्य व अनुपयोगी सामग्री का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सीआरके कार्यालय के निरीक्षण में गार्ड फाइल में शासनादेशों के अद्यतन न होने पर डीएम ने असंतोष व्यक्त करते हुए शीघ्र नवीनतम शासनादेश संलग्न करने के निर्देश दिए। अभिलेखागार में अभिलेखों के अव्यवस्थित संधारण पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और उन्हें क्रमबद्ध व सुरक्षित रखने के आदेश दिए। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट परिसर में फायर फाइटिंग व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने तथा अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों का उचित रख-रखाव और प्रशासनिक अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री विजय यादव, एसडीएम श्री प्रेम शंकर पांडेय, नाजिर श्री वेद प्रकाश मिश्रा, एओ श्री तानसेन प्रसाद सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

