अड्डा बाजार में 272 जोड़ों का मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह संपन्न

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स/सुनील कुमार प्रजापति

महराजगंज। नौतनवा क्षेत्र के महात्मा बुद्ध इंटर कॉलेज,अड्डा बाजार के मैदान में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया और नगर पंचायत अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी रहे। अतिथियों ने नवदम्पतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखी व समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की और पुष्पवर्षा कर वर–वधू जोड़ों का अभिनंदन किया।


सामूहिक विवाह के लिए कुल 361 जोड़ों का पंजीकरण हुआ था, जिनमें से 272 जोड़ों का उनके रीति–रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न कराया गया। पंडाल में मंगल गीतों की गूंज और शहनाई की मधुर धुनों के बीच माहौल उल्लासपूर्ण बना रहा।

इस अवसर पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्यरत है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए लोकहितकारी पहल है, जिसमें सरकार विवाह का संपूर्ण व्यय वहन करने के साथ नवदम्पतियों को गृहस्थ जीवन शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान करती है। यह योजना सामाजिक समरसता और समानता की मिसाल है। ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया ने कहा कि डबल इंजन की सरकार समाज के सभी वर्गों के हित में कार्य कर रही है और इस योजना ने सादगी व सहयोग की परंपरा को मजबूत किया है।

समारोह में मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र सिंह ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक, समाज कल्याण अधिकारी, बीडीओ सहित भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य राजेश यादव, राकेश पाण्डेय, लुटावन सिंह, सुग्रीव यादव,अम्बिका राजभर,रामनयन सिंह,दुर्गेश भारती समेत अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *