विजन एकेडमी में मिशन शक्ति के तहत जागरूकता प्रशिक्षण, छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज। महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत विजन एकेडमी में सोमवार को व्यापक जागरूकता प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सक्रिय उपस्थिति में आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण का संचालन थाना प्रभारी (एश.एच.ओ.) श्रीमती सरोजिनी वर्मा एवं उनकी पुलिस टीम द्वारा किया गया। उन्होंने छात्राओं को गुड टच–बैड टच की पहचान, आत्मरक्षा एवं मानसिक सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर जागरूक किया। एश.एच.ओ. वर्मा ने कहा कि सुरक्षा जागरूकता ही आत्मरक्षा का पहला कदम है। बालिकाओं को किसी भी असहज स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने और विश्वसनीय व्यक्ति अथवा पुलिस से संपर्क करने की सलाह दी गई।

मासिक धर्म स्वच्छता पर विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह प्राकृतिक प्रक्रिया है, इसलिए इसे संकोच के बजाय स्वच्छता, सम्मान और सही जानकारी के साथ अपनाना आवश्यक है। इस दौरान सैनिटरी पैड के सुरक्षित उपयोग एवं निस्तारण, पोषण तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी भी दी गई।

मनोवैज्ञानिक प्रशिक्षण सत्र में छात्राओं को आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन और सहायता मांगने में संकोच नहीं करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रश्नोत्तर सत्र में छात्राओं ने खुलकर अपनी जिज्ञासाएँ रखीं, जिनका समाधान संवेदनशीलता के साथ किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विजन एकेडमी के निदेशक अभिषेक पांडेय ने एश.एच.ओ. सरोजिनी वर्मा एवं उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्राओं में आत्मविश्वास और आत्मसम्मान बढ़ता है। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *