पंचायत सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली का किया विरोध , बीडीओ को सौंपा ज्ञापन

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

 10 दिसंबर से इंजन चालित वाहन बहिष्कार की चेतावनी

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

परतावल/महराजगंज। परतावल ब्लॉक के पंचायत सचिवों ने प्रदेश स्तरीय आह्वान पर ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू किए जाने के विरोध में अपना आंदोलन तेज कर दिया है। सोमवार दोपहर 1 बजे सचिवों के प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह के नेतृत्व में बीडीओ संतोष कुमार यादव को डीएम महराजगंज को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।

परतावल बीडीओ को ज्ञापन सौंपते सचिव

सचिवों ने ज्ञापन में उल्लेख किया है कि 3 नवंबर से लागू की जा रही ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था वर्तमान परिस्थितियों में व्यावहारिक नहीं है। उनका कहना है कि तकनीकी एवं क्षेत्रीय बाधाओं के कारण यह व्यवस्था शासकीय कार्यों को प्रभावित कर सकती है। इसी के मद्देनज़र सचिवों ने क्रमबद्ध विरोध कार्यक्रम की जानकारी भी प्रशासन को दी है।

विरोध कार्यक्रम के तहत 1 से 4 दिसंबर तक पंचायत सचिव काली पट्टी बांधकर अपने कार्यों का निर्वहन करते हुए सांकेतिक विरोध जताएंगे। इसके बाद 5 दिसंबर को विकास खंड मुख्यालय पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सामूहिक धरना दिया जाएगा। धरना समाप्त होने के बाद सचिव ब्लॉक के सभी आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप छोड़ देंगे। आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए 10 दिसंबर से सचिव इंजन चालित वाहनों का उपयोग पूरी तरह बंद कर देंगे और केवल 200 रुपये साइकिल भत्ता के अनुसार सार्वजनिक परिवहन से ही क्षेत्र भ्रमण करेंगे।

इस दौरान आशिष सिंह, सुधीर सिंह, प्रियंका दुबे, सतेन्द्र कुमार, सृष्टि सिंह, विकास सिंह, मांडवी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *