कंपोजिट विद्यालय के रसोईघर का ताला तोड़ बर्तन और गैस सिलेंडर ले उड़े चोर

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स (27 नवंबर 2025)

परतावल/महाराजगंज। श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय कंचनपुर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय की रसोई में धावा बोलते हुए ताला तोड़ा और वहां रखे बर्तन, कढ़ाई, भगौना तथा एक गैस सिलेंडर समेत कई जरूरी सामान गायब कर दिए। सुबह विद्यालय कर्मियों ने टूटा ताला और अस्त-व्यस्त सामान देखा तो हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

प्रधानाचार्य अजीत कुमार ने बताया कि इससे पहले भी 11 मार्च 2025 को इसी विद्यालय में चोरी की घटना हो चुकी है। उन्होंने कहा कि शिकायत के बावजूद चोरों के हौसले कम होने के बजाय और बढ़ते जा रहे हैं। लगातार सामान चोरी होने से मध्याह्न भोजन संचालन भी प्रभावित होने की आशंका है।

ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय सहित क्षेत्र में बार-बार होने वाली वारदातों से भय का माहौल बन गया है। रात में असामाजिक तत्वों की सक्रियता बढ़ने से लोग चिंतित हैं।

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और चोरों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *