विदेश भेजने के नाम पर युवक से 1.70 लाख की ठगी का आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


पीड़ित ने श्यामदेउरवा थाने में दी तहरीर, पुलिस जांच में जुटी


परतावल/महराजगंज। विदेश में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 1.70 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने श्यामदेउरवा थाने में तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सिंदुरिया निवासी गुड्डू गुप्ता ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्हें एक परिचित के माध्यम से जानकारी मिली थी कि हरपुर चौराहा निवासी एक व्यक्ति लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने उन्हें विदेश में ड्राइवर की नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग किस्तों में कुल 1.70 लाख रुपये ले लिए।


पीड़ित का आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी न तो विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई और न ही नौकरी दिलाई गई। बार-बार संपर्क करने पर आरोपित टालमटोल करता रहा। जब काफी समय बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो उन्हें अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ।


इस संबंध में श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *