परतावल/महराजगंज। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे नियमित अभियान के तहत बुधवार शाम खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने परतावल-महराजगंज मार्ग स्थित एक किराना दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिना ब्रांड का नमकीन मिलने पर विभागीय अधिकारियों ने उसे मौके पर ही नष्ट कराते हुए दुकानदार को भविष्य में निर्धारित मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकान में रखे नमकीन समेत विभिन्न खाद्य उत्पादों की जांच की। बिना ब्रांड और आवश्यक मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर संबंधित नमकीन को तत्काल नष्ट कराया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने अपनी नाराजगी भी जताई।
फूड इंस्पेक्टर के.के. उपाध्याय ने बताया कि नियमित जांच अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बिना ब्रांड अथवा मानकविहीन खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

