पकड़ी रेंज में वन विभाग की बड़ी छापेमारी, अवैध शिकार पर कस गया शिकंजा
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज (30 अक्टूबर 2025)। पकड़ी वन रेंज के धगरहवा प्रथम बीट में बुधवार की रात वन विभाग ने अवैध शिकारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शिकारी को जंगली सूअर के मांस के साथ धर दबोचा। गुप्त सूचना पर की गई इस सघन छापेमारी में विभागीय टीम ने जंगल को चारों ओर से घेर लिया। हालांकि अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर आरोपी के कुछ साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
वन विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल में वन्यजीवों का शिकार कर रहे हैं। तत्परता दिखाते हुए टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए शिकारी से बरामद मांस की जांच और जंगली सूअर का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, गौरव त्रिपाठी, ब्रजेश चौहान, वन रक्षक दीपक साहनी और विक्रांत सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
वन क्षेत्राधिकारी सुशान्त मणि त्रिपाठी ने कहा कि अवैध शिकार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी “वन्यजीव संरक्षण कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”
पकड़ी रेंज में वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शिकारियों में हड़कंप मचा है।

