22 दिसंबर को होनी थी शादी, घर में मचा कोहराम
हर्षोदय टाइम्स संवाददाता
गोरखपुर। मंगलवार की रात करीब 10 बजे पीपीगंज थाना क्षेत्र के गोलीगंज टोल प्लाजा (नयनसर टोल) के पास सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-28) पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सराफा कारोबारी के बेटे आदर्श वर्मा और उसके मित्र रोहन कन्नाजिया की मौत हो गई। वहीं चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।
सूचना पर पहुंची पीपीगंज और कैंपियरगंज थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोनौली हाईवे पर गोलीगंज टोल प्लाजा के समीप सड़क की खराब स्थिति और संकेतक (रिफ्लेक्टर) न होने के कारण तेज रफ्तार एसयूवी और पिकअप में आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद एसयूवी पलटते हुए पास में खड़ी डॉक्टर सिद्धार्थ की कार से जा टकराई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे और पर्याप्त रोशनी न होने की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने एनएचएआई और टोल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने घटना के बाद सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन भी किया और टोल कर्मियों के खिलाफ नारेबाजी की।
22 दिसंबर को बजनी थी शहनाई, अब घर में मातम
जानकारी के मुताबिक, मृतक आदर्श वर्मा की शादी 22 दिसंबर को तय थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। रिश्तेदारों के आने की चर्चा थी, लेकिन हादसे की खबर ने खुशियों को मातम में बदल दिया। आदर्श की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मोहल्ले में सन्नाटा पसरा है और हर किसी की आंखें नम हैं।
एनएचएआई और टोल प्रबंधन पर ग्रामीणों का गुस्सा
ग्रामीणों ने बताया कि टोल प्लाजा के पास सड़क की मरम्मत और रिफ्लेक्टर लगाने के लिए कई बार एनएचएआई और टोल कर्मियों से शिकायत की गई थी, लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। पिछले दो महीनों से सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने कहा कि अगर समय रहते मरम्मत कर दी जाती तो आज दो जिंदगियां बच सकती थीं।
पुलिस ने कहा जांच जारी
पीपीगंज थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। घायलों का इलाज चल रहा है। हादसे के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।




