बरियारपुर घटना में चार आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स / विवेक कुमार पाण्डेय

(भिटौली,) महराजगंज । भिटौली थाना क्षेत्र के बरियारपुर गांव में बीते सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही कुछ लोगों ने एक परिवार पर प्राणघातक हमला कर दिया। इस घटना में एक पक्ष के जब्बार, अयूब, जुरसेद तथा मजरु गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय महराजगंज भेजा गया।


इलाज के बाद जब्बार और मजरु को अगले दिन घर भेज दिया गया, जबकि अयूब और जुरसेद की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।


घटना के संबंध में जमशेद आलम की तहरीर पर गांव के ही बिकाऊ, शहरे आलम, फखरे आलम, गोल्डन और अमन समीर के खिलाफ प्राणघातक हमला सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।


इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर भिटौली पुलिस टीम ने बुधवार को भैंसा पुल के पास से शहरे आलम, फखरे आलम, समीर और गोल्डन को गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


शिकायतकर्ता ने गांव के ही आफताब आलम सिद्दीकी पर घटना की साजिश रचने का आरोप लगाया है।


थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *