मिशन शक्ति के तहत नवरात्रि पर्व की महत्ता से हुए छात्र-छात्राएं अवगत
हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। मिशन शक्ति 5.0 के तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देशानुसार महराजगंज जनपद के परिषदीय स्कूलों में महाअष्टमी के अवसर पर ‘कन्या पूजन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान नन्ही बालिकाओं को चुनरी ओढ़ाकर व तिलक लगाकर सम्मानित किया गया तथा धार्मिक परंपरा के अनुसार हलवा-पूड़ी व फल खिलाए गए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पांडेय ने सभी बीईओ को पत्र जारी कर विशेष निर्देश दिए थे कि विद्यालयों में कन्या पूजन कर नवरात्रि पर्व की महत्ता पर प्रकाश डाला जाए। इसी क्रम में पनियरा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक व प्राथमिक विद्यालय जड़ार में कन्याओं का विधिविधान से पूजन किया गया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रमोद पटेल ने छात्र-छात्राओं को नवरात्रि व दशहरा पर्व से जुड़ी मान्यताओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नवरात्रि नारी शक्ति के पूजन और समाज में उनके सर्वोच्च स्थान की प्रतीक है। वैदिक काल से ही भारत में नारी पूज्यनीय रही है। इसी कड़ी में उन्होंने महिषासुर वध की कथा सुनाते हुए बताया कि मां दुर्गा के नौ रूपों की आराधना से सुख, शांति, समृद्धि और रोगनिवारण जैसे कल्याणकारी फल प्राप्त होते हैं।
प्राथमिक विद्यालय जड़ार के प्रधानाध्यापक नागेंद्र चौहान ने कहा कि मां दुर्गा सृजन, पालन, संहार और शक्ति का अनंत स्रोत हैं। उनकी पूजा से करुणा व दिव्य ऊर्जा का संचार होता है।
कन्या पूजन कार्यक्रम में छात्राओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों के रूप में प्रस्तुत किया गया। इस दौरान मोहिनी (कालरात्रि), आफरीन (शैलपुत्री), शैलजा (सिद्धिदात्री), शादिया (स्कंदमाता), शीतल (कात्यायनी), साक्षी गौतम (महागौरी), शिखा (कुष्मांडा), दिव्या (ब्रह्मचारिणी), नंदनी (चंद्रघंटा) और युवराज गौतम ने भैरव की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान ढुनमुन प्रसाद सहित शिक्षक आशुतोष पटेल, राहुल पटेल, यासमीन जहां, बबीता साहनी, जयप्रकाश गौतम, अविनाश चौधरी, शम्स तबरेज समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।



