हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज। चौक थाना क्षेत्र के चौक-निचलौल मार्ग पर शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ग्राम सभा पड़री कला और सेखुई के बीच मुर्गी लदी तेज रफ्तार पिकअप ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में बाइक सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना में चौक क्षेत्र के सेखुई गांव निवासी जयकरन चौधरी (17) और दिवाकर शर्मा (16) घायल हुए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी जगदौर पहुंचाया गया, जहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान जयकरन की मौत हो गई, जबकि दिवाकर की हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जाता है कि दोनों किशोर आधार केंद्र महराजगंज जाने के लिए बाइक से निकले थे। हादसा पड़री कला और सेखुई के बीच स्थित एक मैरेज हाल के पास पुलिया पर हुआ। जयकरन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां रीना, पिता विजयी, दादा बैजनाथ और बहन चांदनी का रो-रोकर कर हाल बेहाल है।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत फरार हो गया। चौक थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है।

