हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो गोरखपुर
गोरखपुर। चर्चित NEET छात्र हत्याकांड का मुख्य आरोपी और कुख्यात पशु तस्कर रहीम गोरखपुर कुशीनगर पुलिस की संयुक्त मुठभेड़ में घायल होकर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। बुधवार तड़के कुशीनगर में हुई इस एनकाउंटर में रहीम के पैर में गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
यह वही रहीम है जिसने सोमवार रात गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र के मऊआचापी गांव में 19 वर्षीय दीपक की बेरहमी से हत्या कर दी थी। दीपक मेडिकल की तैयारी के साथ गांव में किराना दुकान भी चलाता था।
सोमवार रात करीब 10–12 पशु तस्कर दो पिकअप से गांव पहुंचे और दुकान का ताला तोड़ने लगे। शोर सुनकर दीपक मौके पर पहुंचा और विरोध किया। इसी दौरान तस्करों ने उस पर हमला कर गाड़ी में खींच लिया। कुछ ही देर बाद उसका शव गांव से चार किलोमीटर दूर मिला। सिर कुचलकर उसकी निर्मम हत्या की गई थी।
हत्याकांड की गूंज लखनऊ तक पहुंची। ADG लॉ एंड ऑर्डर अमिताभ यश ने गोरखपुर पहुंचकर जांच की कमान संयुक्त पुलिस टीम को सौंपी। बुधवार तड़के गोरखपुर कुशीनगर पुलिस की टीम ने कुशीनगर में आरोपी रहीम को घेर लिया। मुठभेड़ में रहीम पैर में गोली लगते ही ढेर हो गया और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
दीपक की हत्या से पूरे इलाके में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पशु तस्करों पर कड़ी कार्रवाई न होने से ऐसी वारदातें बढ़ रही हैं।
एसएसपी गोरखपुर ने घटना के संबंध में दी जानकारी

