पत्नी ने प्रेमी संग मिल रची साजिश, शराब पिलाकर पति का गला घोंट की हत्या

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो

महराजगंज के राजाबारी गांव का मामला, शव 25 किलोमीटर दूर फेंका, पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा

महराजगंज। जिले के ठूठीबारी थाना क्षेत्र के राजाबारी गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अवैध संबंध के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात का खुलासा कर आरोपी पत्नी और प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान राजाबारी निवासी नागेश्वर रौनियार (26) पुत्र केशव राज रौनियार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की रात पत्नी नेहा रौनियार ने फोन कर पति को बुलाया। पहले उसे शराब पिलाई गई, फिर नशे की हालत में हाथ-पैर बांध दिए गए। नेहा पति के सीने पर बैठकर उसका गला दबाने लगी, वहीं प्रेमी जितेंद्र ने ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली।

हत्या के बाद दोनों ने शव को नहलाकर कपड़े बदले और बाइक से करीब 25 किलोमीटर दूर दमकी गांव (निचलौल-सिंदुरिया मार्ग) पर फेंक दिया, ताकि सड़क हादसा लगे।

6 साल पहले हुई शादी, एक साल से था प्रेम-प्रसंग

नागेश्वर की शादी 6 वर्ष पहले नेपाल की नेहा से हुई थी। उनका एक बेटा भी है। एक साल से नेहा का गांव के ही जितेंद्र से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। विरोध करने पर नेहा पति को छोड़कर प्रेमी संग महराजगंज शहर में रहने लगी थी।

पुलिस का खुलासा

ठूठीबारी थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पत्नी नेहा और उसके प्रेमी जितेंद्र को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मुंबई भागने की फिराक में थे। पूछताछ में उन्होंने पूरे राज खोल दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *