पूर्व चेयरमैन ने आदर्श नगर पंचायत आनन्द नगर पर लगाया भ्रष्टाचार का कई गंभीर आरोप

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

अधकचरा जानकारी रखते हैं पूर्व चेयरमैन, उनके द्वारा लगाया गया आरोप पूरी तरह निराधार- राजेश जायसवाल चेयरमैन प्रतिनिधि नगर पंचायत आनन्द नगर

मनोज कुमार त्रिपाठी

फरेंदा /महराजगंज (हर्षोदय टाइम्स) ! जनपद महराजगंज के आदर्श नगर पंचायत आनन्द नगर में हो रहे व्यापक भ्रष्टाचार के बारे में पूर्व चेयरमैन विनोद कुमार गुप्त ने कहा कि वर्तमान चेयरमैन द्वारा अपने घर और फैक्ट्री में तमाम लोगों से काम कराया जाता रहा है उसके बदले उन कामगारों को मजदूरी के रूप में नगर पंचायत से धन मुहैया कराया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि जब इस बात की शिकायत की गई तो नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी पूजा सिंह परिहार ने इस पर रोक लगाने का कार्य किया जो धन्यवाद की पात्र हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में ऐसे अनगिनत कार्य हुए हैं जिनमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। मैं उन सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह करता हूं कि नगर पंचायत में अब तक हुए विकास कार्यों की ईमानदारी पूर्वक जांच करा लें तो सब दूध का दूध,पानी का पानी हो जाएगा।

पूर्व चेयरमैन विनोद कुमार गुप्त द्वारा लगाये गए आरोप के बारे में वर्तमान चेयरमैन विजय लक्ष्मी जायसवाल के प्रतिनिधि पति राजेश जायसवाल ने पलटवार किया और कहा कि पूर्व चेयरमैन की नगर पंचायत के विकास के बारे जानकारी पूरी तरह से अधूरी है जितना विकास मेरे कार्यकाल में हुआ जनता स्वयं देख रही है। ऐसे अधकचरा और तथ्य से परे जानकारी रखकर किसी के ऊपर अनर्गल आरोप लगाया जाना पूरी तरह गलत है। उन्होंने टैक्सी स्टैंड के पैसे में भ्रष्टाचार होने के आरोप पर कहा कि जिस भी ठेकेदार के ऊपर बकाया है उसे सरकार वसूलेगी। सरकारी पैसा कोई गबन नहीं कर सकता है।

बस स्टैंड के सवाल पर श्री जायसवाल ने कहा कि उसके लिए जमीन की तलाश की जा रही है ज्यों ही जमीन मिलेगी उस पर भव्य बस स्टेशन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनका सतत् प्रयास है कि माननीय केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी और पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह के आशीर्वाद से नगर पंचायत के चहुंमुखी विकास का रास्ता प्रशस्त होगा और नगर का तेजी से विकास होगा। 2024 लोकसभा चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि आदरणीय पंकज चौधरी 2019 की अपेक्षा इस बार और ज्यादा मतों से विजई होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *