बेटियों की ऐतिहासिक उपलब्धि, बीएसए ने कहा हर मंच पर दिखेगा अब बेटियों का दम

उत्तर प्रदेश महाराजगंज


मंडल उपविजेता बनने पर बालिका हॉकी टीम का विद्यालय में हुआ अभिनंदन


कस्तूरबा और जीजीआईसी की बेटियों ने रचा नया कीर्तिमान, कोच और टीम को मिल रही बधाइयां

महराजगंज (हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो) : देवरिया में आयोजित नेहरू जूनियर बालिका मंडलीय हॉकी प्रतियोगिता में महाराजगंज जनपद की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया है। यह सफलता जिले की खेल यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ने वाली है। टीम में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राएं शामिल थीं, जिन्होंने मिलकर पूरे जनपद का नाम रोशन किया।

प्रतियोगिता से लौटने के बाद छात्राओं का राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परिसर में हर्षोल्लास के साथ स्वागत हुआ। प्रधानाचार्य अनामिका पांडेय ने मेडल पहनाकर छात्राओं को सम्मानित किया और कहा कि यह जीत पूरे जिले के लिए गर्व का क्षण है।

टीम की कोच ममता यादव और प्रशिक्षक आसिफ इकबाल के निर्देशन में छात्राओं ने दिन-रात मेहनत की, जिसका प्रतिफल यह उपलब्धि है। विद्यालय में स्वागत के दौरान कई शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति रही।

जिला समन्वयक अमन प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि संघर्ष और प्रतिबद्धता से हर लक्ष्य संभव है। ये बेटियां भविष्य की स्टार खिलाड़ी हैं।



वार्डन मीना गुप्ता ने कहा कि खिलाड़ियों में पढ़ाई और खेल के प्रति समान समर्पण है, जो इन्हें विशेष बनाता है।
टीम कप्तान अंजू ने कहा कि हमारे कोच ने हमें सही मार्ग दिखाया। अगली बार हम विजेता बनकर लौटेंगे।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी रिद्धि पांडेय ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, यह सिर्फ हॉकी प्रतियोगिता में मिली उपविजेता की ट्रॉफी नहीं, बल्कि महाराजगंज की बेटियों की मेहनत, हौसले और सामर्थ्य की पहचान है। हमारी छात्राएं अब सिर्फ पढ़ाई में नहीं, खेल के मैदान में भी नई इबारत लिख रही हैं। हम शिक्षा विभाग की ओर से ऐसे सभी प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को आवश्यक संसाधन, मार्गदर्शन और मंच उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। आने वाले समय में हम इन बेटियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर खेलते हुए देखना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *