नोडल अधिकारियों ने की आकांक्षी ब्लॉकों में विकासकर्ताओं की समीक्षा, दिए निर्देश

उत्तर प्रदेश महाराजगंज

जल जीवन मिशन योजना को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारें: नोडल अधिकारी।

अधिकारी प्रभावी तरीके से योजनाओं का करें क्रियान्वयन: जिलाधिकारी

महराजगंज , 31 मई 2025 (हर्षोदय टाइम्स) :  जनपद के 06 आकांक्षात्मक विकास खण्डों में परिलक्षित परिवर्तनों के भौतिक निरीक्षण हेतु नोडल अधिकारीगण द्वारा आज कलेक्ट्रेट सभागार में सम्बन्धित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई।


जनपद के लिए नामित नोडल अधिकारी  रमेश चंद्र विशेष सचिव, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग और अतुल सिंह विशेष सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा, उ०प्र० द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी  संतोष कुमार शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी  अनुराज जैन सहित अन्य सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों के साथ आकांक्षी ब्लॉकों में परिलक्षित परिवर्तनों के संदर्भ में जानकारी ली। नोडल अधिकारीगण द्वारा उनके निरीक्षण में मिली कमियों की चर्चा करते हुए स्वास्थ्य विभाग को कार्यशैली को लेकर असंतोष व्यक्त किया और सुधार हेतु निर्देशित किया। उन्होंने नवजातों के प्रभावी टीकाकरण और उससे संबंधित पंजिका तैयार कर आवश्यक विवरण दर्ज करने का निर्देश दिया। नोडल अधिकारी महोदय ने आईसीडीएस की समीक्षा करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को विभिन्न प्रपत्रों व पोर्टल से अद्यतन कराने का निर्देश दिया, साथ ही यह भी कहा कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर आवश्यक उपकरण नहीं हैं अथवा खराब हैं उनके लिए मांग मुख्यालय को प्रेषित करें। जल जीवन मिशन के संदर्भ में कहा कि जल निगम योजनाओं के धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अपने प्रयासों को बढ़ाए और हर घर तक जल की उपलब्धता को सुनिश्चित करे। उन्होंने पशुपालन विभाग को भी पालतू पशुओं का डेटा ग्राम स्तर पर तैयार करने के लिए निर्देशित किया।
दोनों नोडल अधिकारियों ने कहा कि निरीक्षण में सामान्यतः अपेक्षित परिवर्तन परिलक्षित हुआ है और विभिन्न संकेतकों में अच्छा सुधार देखने को मिला, लेकिन स्वास्थ्य विभाग सहित कुछ विभागों को अपने प्रयासों को और अधिक बढ़ाने की आवश्यकता है।


जिलाधिकारी महोदय ने नोडल अधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन हेतु समस्त विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विभाग सुनिश्चित करें कि आकांक्षी के साथ अन्य विकास खंडों में भी योजना प्रभावी तरीके से धरातल पर उतरे। उन्होंने समस्त कार्यालयों में निरीक्षण पंजिका को सुनिश्चित करने के लिए कहा और यह भी निर्देश दिया कि जनपदस्तरीय अधिकारी सहित जो भी अधिकारी निरीक्षण के लिए जाते हैं, वे निरीक्षण पंजिका में विस्तृत निरीक्षण टिप्पणी दर्ज करेंगे। जिलाधिकारी महोदय ने नोडल अधिकारीगण को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा और आकांक्षी ब्लॉकों में और अधिक प्रभावी ढंग से योजनाओं का क्रियान्वयन किया जाएगा।


मुख्य विकास अधिकारी महोदय ने नोडल अधिकारीगण को जनपद में निरीक्षण के उपरांत अपने बहुमूल्य सुझावों से जिला प्रशासन को अवगत कराने और जनपद आगमन हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया गया।


बैठक में सीएमओ डॉ श्रीकांत शुक्ला, पीडी  रामदरश चौधरी, डीएसटीओ  शीश कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम  आतिफ हुसैन सहित आकांक्षी ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी और अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *