महराजगंज, 23 मई 2025, जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा आज मीडियाकर्मियों के साथ भेंट वार्ता की गई।
जिलाधिकारी महोदय ने मीडियाकर्मियों से बात करते हुए कहा कि महराजगंज की छवि एक शांतिपूर्ण और विकासप्रिय जनपद की है। एक जिलाधिकारी के रूप में मेरी प्राथमिकताओं में लोगों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण है। साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला व बच्चे प्राथमिकता में हैं। साथ ही अवसंरचनात्मक विकास कार्यों को समय से पूर्ण कराने पर भी जोर रहेगा।
जिलाधिकारी महोदय ने मीडियाकर्मियों से भी उनके सुझाव आमंत्रित किए। मीडिया बंधुओं द्वारा भी अपने सुझाव दिए गए। बैठक में पर्यटन, कृषि, अवसंरचना विकास, नगरीय क्षेत्रों में जल निकासी, वृक्षारोपण सहित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव मीडिया बंधुओं द्वारा दिए गए।
जिलाधिकारी महोदय ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को धन्यवाद देते हुए कहा कि मीडिया के सुझावों को भी आगामी समय शामिल करते हुए जिले के सर्वांगीण विकास का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आशा है कि मीडिया और प्रशासन मिलकर एक टीम के रूप में कार्य करेंगे और जनपद को विकास के पथ पर आगे ले जायेंगे।

