हर्षोदय टाइम्स ब्यूरो
महराजगंज- 26 मार्च 2025, बुधवार को जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र ” दयालु” राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) द्वारा सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन के 08 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता की गयी।
प्रेस को संबोधित करते प्रभारी मंत्री ने प्रदेश और जनपद में विगत 08 वर्षों में प्राप्त उपलब्धियों के बारे में बताया। जनपद में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनपद में करोड़ों रुपए के निर्माण कार्य पिछले 08 वर्षों में हुए हैं या प्रगति पर है। इनमें 809.25 करोड़ की लागत से महराजगंज–निचलौल–ठूठीबारी राष्ट्रीय मार्ग, गोरखपुर–सोनौली मार्ग और 266.48 करोड़ का इंडो नेपाल बॉर्डर मार्ग शामिल है। 300 करोड़ की लागत से निर्मित आईसीपी हो या मुड़िला में निर्माणधीन बहुउद्देशीय हब सभी नए महराजगंज की पहचान बन रहे हैं। भाजपा सरकार में जनपद मुख्यालय को रेलवे लाइन से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी–योगी सरकार गरीब, युवा, नारी और किसान के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। जनपद में 24602 महिलाओं को निराश्रित महिला पेंशन, 125332 वृद्धों को वृद्धावस्था पेंशन, 3104 दिव्यागों को दिव्यांग पेंशन दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शीर्ष प्राथमिकताओं में मुसहर, वनटांगिया और थारू शामिल हैं। इसी कड़ी में जिला प्रशासन द्वारा उनकी इच्छा के अनुरूप इन गांवों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संतृप्त करने का कार्य किया जा रहा है। इस कड़ी में मुसहर गांवों में लगभग सभी पात्र व्यक्तियों को समाजिक सुरक्षा योजनाओं से संतृप्त करने का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि वनटांगिया ग्रामों में भी इस माह के अंत तक इस कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि विकास के साथ आस्था का सम्मान मोदी–योगी सरकार की पहचान है। इस दिशा में जनपद के विभिन्न धार्मिक स्थलों सहित 34 परियोजनाओं का निर्माण 46.89 करोड़ की लागत से किया जा रहा है, जिससे स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही जल संचयन और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु 646 अमृत सरोवरों का निर्माण और सुंदरीकरण किया जा रहा है। स्वास्थ्य संरचनाओं को बेहतर करने की दिशा में जनपद में पीपीपी मोड पर निर्मित मेडिकल कॉलेज भी जनपद के लिए बड़ी उपलब्धि है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि ऊर्जा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार सहित सभी क्षेत्रों में विगत आठ वर्षों में जो उपलब्धियां मिली हैं, वो पिछले 70 सालों में नहीं मिली थीं। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों के विभिन्न प्रश्नों का जवाब भी दिया।
