महराजगंज। धान खरीद योजना उत्तर प्रदेश की एक बेहद महत्वाकांक्षी योजना है जो किसानों के आय बढ़ाने के दृष्टिगत बेहद महत्वपूर्ण है। इस योजना के प्रति लोगों में अविश्वास पैदा करने और जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से आज दिनांक: 22 फरवरी 2025 को जनपद के होटल दया में “हल्ला बोल आंदोलन” के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता गोविंद मिश्रा और जिलाध्यक्ष अशफाक खान द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस किया गया जिसमें दोनों व्यक्तियों द्वारा विभिन्न प्रकरणों का उल्लेख कर भ्रामक व असत्य तथ्यों को मीडिया के समक्ष रखा गया।
उक्त प्रकरण का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी महोदय द्वारा लगाए गए आरोपों के तत्काल जांच का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में उपजिलाधिकारी निचलौल और उपजिलाधिकारी सदर द्वारा लगाए गए आरोपों में उल्लिखित सभी खातों की विस्तृत जांच कराई गई। जांच में स्पष्ट रूप से प्रकाश में आया है कि शिकायतकर्ताओं द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस में उल्लिखित खातों के नाम पर कोई भी चकमार्ग, शमशान भूमि अथवा किसी प्रकार की सरकारी भूमि दर्ज नहीं है। शिकायतकर्ताओं द्वारा जानबूझकर और साजिशन गाटे को खाता बताकर गलत ढंग से खरीद का आरोप लगाया गया।
उक्त आरोप का उद्देश्य जिला प्रशासन, जनपद और उत्तर प्रदेश सरकार की छवि को धूमिल करने के साथ प्रशानिक अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव बनाने का कुत्सित प्रयास है। शिकायतकर्ताओं द्वारा लगाए गए सभी आरोप मिथ्या, भ्रामक एवं दुर्भावनापूर्ण हैं।
इस प्रकरण में जिला प्रशासन द्वारा शिकायतकर्ताओं के विरुद्ध उचित विधिक कार्यवाही करते हुए बीएनएस की धारा 212, 336ए, 217 और 224 में अभियोग पंजीकृत कराया गया है।

